संकल्प ग्रुप द्वारा कार्यशालाएं: पर्यावरण संरक्षण व परंपरा के लिए मिट्टी के गणेश जी निर्माण

झाबुआ
गणेशोत्सव पर्व पर संकल्प ग्रुप झाबुआ विगत कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण व धार्मिक परंपराओं को जोड़ने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में संस्था प्रतिवर्ष मिट्टी के गणेश बनाने की निःशुल्क कार्यशालाएं आयोजित करती है, ताकि लोग घर पर प्रतिमा स्थापित कर घर पर ही विसर्जन करें।
उपलब्धियां एवं इस वर्ष की शुरुआत :
पिछले वर्ष संस्था ने 7000 मिट्टी के गणेश बनाने का लक्ष्य पूरा किया था। इस वर्ष अब तक 4000 से अधिक प्रतिमाओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। कार्यशालाओं में प्रतिभागियों को न केवल प्रतिमा निर्माण की तकनीक सिखाई जाती है, बल्कि गणेशोत्सव से जुड़ी ऐतिहासिक व धार्मिक जानकारी भी रोचक तरीके से दी जाती है।
कार्यशालाओं का आयोजन :
कार्यशालाएं झाबुआ, राणापुर, मेघनगर, थांदला, रामा, सेवा भारती सिलाई केंद्र, सेवा भारती कंप्यूटर केंद्र, जनजातीय कन्या छात्रावास, जिला विकलांग केंद्र रंगपुरा, महिला मंडल पाठशाला, केशव इंटरनेशनल, लक्ष्य एकेडमी सहित कई स्थानों पर हो चुकी हैं। इस वर्ष लायंस क्लब पेटलावद के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया गया।
विशेषता :
- केवल 5 मिनट में सीखने योग्य आसान विधि
- पर्यावरण संरक्षण
- मन की एकाग्रता व कलात्मकता में वृद्धि
- धार्मिक परंपरा से जुड़ाव
संस्था की अध्यक्ष श्रीमती भारती सोनी के अनुसार यह अभियान 2009 से लगातार जारी है। अब तक संस्था द्वारा 1.5 इंच से लेकर 5 फीट तक की प्रतिमाएं बनाई जा चुकी हैं। इस वर्ष की कार्यशालाएं 27 अगस्त तक जारी रहेंगी।
इस अभियान में श्रीमती ज्योति त्रिवेदी, श्रीमती सविता गुप्ता एवं श्रीमती श्यामल अरोड़ा का विशेष योगदान रहा।
हिमांशु त्रिवेदी, संपादक, भील भूमि समाचार