झाबुआ से कांग्रेस महारैली में शामिल होने सैकड़ों वाहनों का काफिला पहुंचा महू
27 जनवरी को झाबुआ जिले की तीनों विधानसभा से लगभग 500 वाहनों के साथ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महू पहुंचकर जय बापू जय भीम जय संविधान रैली में भाग लिया। इस रैली में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया गया। झाबुआ जिले से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आदिवासी पगड़ी पहनी और हाथ में कांग्रेस के झंडे-बैनर लेकर रैली को सफल बनाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका ने बताया कि रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया (झाबुआ), वीरसिंह भूरिया (थांदला), और पूर्व विधायक वालसिंह मेड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ता चार पहिया वाहनों से पहुंचे।
सरकार पर रैली को विफल करने की कोशिश का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उसी दिन इंदौर में सरकारी कार्यक्रम आयोजित कर रैली को विफल करने की साजिश रची। उन्होंने इसे सरकार की “ओछी मानसिकता” करार दिया। आरोप है कि सरपंचों, पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर दबाव डालकर उन्हें सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि 25 जनवरी की रात अचानक सरकारी कार्यक्रम घोषित किया गया, और प्रशासनिक अधिकारियों पर इसे सफल बनाने का दबाव बनाया गया। यह तब हुआ जब अधिकारी गणतंत्र दिवस की तैयारियों में व्यस्त थे।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार
रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। प्रमुख नामों में मानसिंह मेड़ा, हेमचंद्र डामोर, नरवेश अमलियार, रूपसिंह डामोर, राजेश डामोर, हेमेंद्र कटारा, कैलाश डामोर, यामिन शेख, और अन्य शामिल रहे। उन्होंने क्षेत्र के सरपंचों और पंचायत पदाधिकारियों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने मेहनत कर रैली को सफल बनाया।
हिमांशु त्रिवेदी, सम्पादक, भील भूमि समाचार, Reg.MPHIN/2023/87093